{"vars":{"id": "130921:5012"}}

इश्क करो पार्टी की एंट्री! जस्टिस मार्कंडेय काटजू ने युवाओं से जुड़ने की अपील, महुआ मोइत्रा को भी दिया न्योता
 

 

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर चर्चा में रही 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के बाद अब एक नई पहल 'इश्क करो पार्टी' सुर्खियों में आ गई है। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस मार्कंडेय काटजू ने भारतीय युवाओं से इस नए मंच से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह संगठन "प्यार करो, जंग नहीं" के सिद्धांत पर आधारित है और समाज में प्रेम, शांति और सौहार्द को बढ़ावा देने का उद्देश्य रखता है।

जस्टिस काटजू ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि जो लोग 'इश्क करो पार्टी' से जुड़ना चाहते हैं, वे ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी का संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जा रहा है और इसकी वेबसाइट तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी विकसित किए जा रहे हैं।

यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में वायरल हुई 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक कथित स्क्रीनशॉट भी वायरल हो रहा है, जिसमें जस्टिस काटजू तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और वरिष्ठ पत्रकार मृणाल पांडे को 'इश्क करो पार्टी' में शामिल होने का निमंत्रण देते दिखाई दे रहे हैं।

अपने एक पोस्ट में काटजू ने महुआ मोइत्रा को संबोधित करते हुए लिखा कि वे "सीजेपी के जोकरों को भूल जाएं" और नई बनी 'इश्क करो पार्टी' में शामिल हों, जिसका एजेंडा "प्यार करो, जंग नहीं" है। वहीं, एक अन्य पोस्ट में उन्होंने मृणाल पांडे को भी इसी संगठन से जुड़ने का न्योता दिया।

काटजू के अनुसार, वह इस संगठन के संरक्षक हैं, जबकि इसके चेयरमैन इरफान अली हैं, जो अमेरिका के प्रिंसटन, न्यू जर्सी में रहते और काम करते हैं। उन्होंने दावा किया कि संगठन को लेकर आगे की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।

फिलहाल 'इश्क करो पार्टी' को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और यह नई पहल चर्चा का विषय बनी हुई है।