जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में भीषण हादसा: खाई में गिरी बस, 15 की मौत, कई गंभीर घायल
उधमपुर I जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। यह दर्दनाक हादसा रामनगर क्षेत्र के कागोट गांव के पास उस समय हुआ, जब एक यात्री बस पहाड़ी सड़क पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, बस एक दूरदराज के गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सीधे खाई में गिर गई। हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के तुरंत बाद प्रशासन और पुलिस की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया गया और मौके पर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उधमपुर के उपायुक्त से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने गंभीर रूप से घायल मरीजों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में रहकर राहत कार्यों की निगरानी की जा रही है।
फिलहाल, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।