{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ओडिशा में जमुई जैसी वारदात! बाइक सवार कपल को घेरा, युवक को पीटा और युवती से बदसलूकी; 2 हिरासत में
 

 

ढेंकनाल। बिहार के जमुई में नाबालिग लड़के और लड़की के साथ मारपीट और बदसलूकी की घटना के बाद अब ओडिशा के ढेंकनाल जिले से भी ऐसा ही मामला सामने आया है। कपिलाश की ओर जाने वाली सड़क पर एक युवक और युवती के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, कटक जिले के चार लोग दो मोटरसाइकिलों से कपिलाश गए थे। लौटते समय किसी बात को लेकर एक स्थानीय युवक से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद स्थानीय युवक ने अपने परिवार के कुछ लोगों को बुला लिया। इसके बाद समूह ने कथित तौर पर कपल का पीछा किया और उन्हें रास्ते में रोक लिया।

वायरल वीडियो में कपल को घेरकर मारपीट

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई लोग युवक और युवती को घेरते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है, जबकि युवती के साथ कथित तौर पर बदसलूकी किए जाने का आरोप है। युवती आसपास मौजूद लोगों से दोनों को छोड़ देने की अपील करती सुनाई दे रही है।

आरोप है कि युवती के बार-बार अनुरोध के बावजूद समूह ने उनके साथ मारपीट और बदसलूकी जारी रखी। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद मामला सामने आया।

दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ढेंकनाल के पुलिस अधीक्षक अभिनव सोनकर ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए दोनों लोग एक ही परिवार के हैं। पुलिस घटना के सही समय और विवाद की पूरी परिस्थितियों का भी पता लगा रही है।

जीरो एफआईआर के बाद दर्ज हुआ मामला

बताया गया है कि कपल की ओर से पहले जीरो एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसके बाद मामला गोंडिया थाने को भेजा गया, जहां भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में महिला से छेड़छाड़, महिला के खिलाफ आपराधिक बल के इस्तेमाल और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।