जंतर-मंतर पर फिर भड़की हिंसा! ACP के सिर पर डंडे से हमला, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक बार फिर हिंसा भड़क गई। टॉलस्टॉय मार्ग पर पुलिस पर पत्थर और बोतलों से हमला हुआ, जिसमें ACP विवेक भगत घायल हो गए। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। मामले की जांच जारी है।
Jantar Mantar Violence: दिल्ली के जंतर-मंतर के पास बुधवार रात प्रदर्शन के दौरान एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए। टॉलस्टॉय मार्ग पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। पुलिस का आरोप है कि भीड़ की आड़ में कुछ उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर, बोतलें और डंडों से हमला किया, जिसमें कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस पर हमला, ACP विवेक भगत घायल
जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे टॉलस्टॉय मार्ग स्थित पार्क होटल के सामने प्रदर्शन के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भीड़ में घिर गए थे। उन्हें सुरक्षित निकालने पहुंचे एसीपी विवेक भगत पर कथित तौर पर डंडे से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में चोट आई। वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पत्थरबाजी और बोतलों से हमले के बाद पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस
घटना के दौरान पुलिस का कहना है कि भीड़ की ओर से पत्थर और बोतलें फेंकी गईं। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में लाठियां भी दिखाई दे रही हैं। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर बुला लिया।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद जंतर-मंतर, टॉलस्टॉय मार्ग, जनपथ और कनॉट प्लेस समेत आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई। पुलिस की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
SMS ट्रैफिक और संचार गतिविधियों की भी जांच
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं सीमित रहने के बावजूद जंतर-मंतर, टॉलस्टॉय मार्ग और जनपथ इलाके में SMS और नेटवर्क गतिविधियों में असामान्य बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं प्रदर्शन के दौरान संदेशों के जरिए भीड़ को निर्देश तो नहीं दिए जा रहे थे। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
पहले भी हो चुकी है झड़प
गौरतलब है कि इससे पहले 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। उस दौरान संसद की ओर बढ़ रही भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया था। इसके बाद भी जंतर-मंतर के आसपास कई बार तनावपूर्ण स्थिति बन चुकी है।
पटना में भी प्रदर्शन के दौरान हंगामा
दिल्ली के घटनाक्रम के बीच बिहार की राजधानी पटना में भी छात्र संगठनों का प्रदर्शन उग्र हो गया। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के नेतृत्व में निकाले गए मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। दोनों शहरों की घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।