पटना I बिहार में NDA की नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। मंगलवार को पहले जदयू और फिर भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें नेतृत्व को अंतिम रूप दे दिया गया। सुबह मुख्यमंत्री आवास पर हुई जदयू विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से एक बार फिर विधायक दल का नेता चुना गया। बैठक में कोई विरोध या चर्चा नहीं हुई, सब कुछ पहले से तय था। नीतीश कुमार लगातार चौथी बार बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे।
दोपहर में भाजपा मुख्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया।
- सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।
- विजय कुमार सिन्हा को उपनेता बनाया गया।
दोनों नेता फिर से बिहार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बैठक के बाद ऐलान किया,
“सम्राट चौधरी जी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा जी को उपनेता चुना गया है। दोनों हिट हैं, फिट हैं और ये जीत का चौका है।”
इसके साथ ही बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली NDA सरकार में दो उपमुख्यमंत्री वाला फॉर्मूला बरकरार रहेगा। शपथ ग्रहण की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह जल्द ही हो सकता है।