{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बैंकिंग सेक्टर में नौकरी का मौका! SBI में 7150 पदों पर निकली वैकेसी, जानें पूरी डिटेल

 

बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले आवेदन की आखिरी तारीख 8 जून निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 15 जून 2026 कर दिया गया है।

इस भर्ती अभियान के तहत देशभर में कुल 7,150 अप्रेंटिस पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऐसे में जो अभ्यर्थी अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, उनके पास एक और मौका है।

7150 पदों पर होगी भर्ती

एसबीआई द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न शाखाओं और विभागों में एक वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह भर्ती अप्रेंटिस अधिनियम, 1961 के तहत आयोजित की जा रही है।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी ने अपनी डिग्री 1 अप्रैल 2026 या उससे पहले प्राप्त कर ली हो।

आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।

चयन प्रक्रिया

उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। इसमें शामिल हैं—

ऑनलाइन लिखित परीक्षा
स्थानीय भाषा परीक्षा
दस्तावेज सत्यापन (Document Verification)
मेडिकल परीक्षण

ऑनलाइन परीक्षा में सामान्य एवं वित्तीय जागरूकता, अंग्रेजी भाषा, गणितीय योग्यता तथा रीजनिंग एवं कंप्यूटर एप्टीट्यूड से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।

परीक्षा पैटर्न

ऑनलाइन परीक्षा में कुल 100 प्रश्न होंगे, जो 100 अंकों के होंगे। परीक्षा की अवधि 60 मिनट निर्धारित की गई है।

विषयवार प्रश्नों का विवरण इस प्रकार है—

जनरल एवं फाइनेंशियल अवेयरनेस – 25 प्रश्न, 25 अंक
जनरल इंग्लिश – 25 प्रश्न, 25 अंक
क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड – 25 प्रश्न, 25 अंक
रीजनिंग एबिलिटी एवं कंप्यूटर एप्टीट्यूड – 25 प्रश्न, 25 अंक
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग – ₹300
एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी वर्ग – कोई शुल्क नहीं

कितना मिलेगा स्टाइपेंड?

चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान ₹15,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। हालांकि उन्हें बैंक के नियमित कर्मचारियों की तरह डीए, एचआरए, मेडिकल सुविधा, पेंशन या अन्य भत्तों का लाभ नहीं मिलेगा।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

भर्ती के लिए आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवार निम्नलिखित चरणों का पालन कर सकते हैं—

SBI की आधिकारिक वेबसाइट के करियर सेक्शन पर जाएं।
Apprentice Recruitment लिंक पर क्लिक करें।
नया रजिस्ट्रेशन करें।
मांगी गई सभी जानकारी भरें।
आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।