{"vars":{"id": "130921:5012"}}

RML अस्पताल पहुंचे जेपी नड्डा, CJP प्रदर्शन में घायल पुलिसकर्मियों और युवाओं का जाना हाल

 

New Delhi : केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों और युवाओं का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने घायलों का इलाज कर रहे डॉक्टरों की टीम से भी बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इससे पहले सोमवार को जेपी नड्डा ने CJP के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका से मुलाकात कर उनकी मांगों को भी सुना था।

जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान हुआ था बवाल

सोमवार को CJP के बैनर तले बड़ी संख्या में युवाओं ने जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च निकाला था। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस घटना में कई प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी घायल हो गए।

प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। कनॉट प्लेस से जनपथ तक सड़कों पर पत्थर बिखरे दिखाई दिए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला

घटना को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर संसद में चर्चा चाहता था और गृह मंत्री से बयान की मांग कर रहा था, लेकिन सरकार ने चर्चा की अनुमति नहीं दी।

खरगे ने सवाल उठाया कि प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज क्यों किया गया और उनके साथ मारपीट क्यों हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को उकसाकर उन पर बल प्रयोग करवा रही है और विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।