{"vars":{"id": "130921:5012"}}

JPSC-JSSC विवाद पर छात्रों का हल्लाबोल, आज झारखंड विधानसभा का घेराव; रांची में हाई अलर्ट

झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जारी है। सरकार से तीन दौर की बातचीत के बाद भी कई मुद्दों पर सहमति नहीं बनी। छात्र सोमवार को झारखंड विधानसभा का घेराव करेंगे। रांची में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाकर कंटीले तारों से बैरिकेडिंग की है।

 

JPSC JSSC Protest: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सरकार के साथ तीन दौर की बातचीत के बाद भी कई अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बनने से नाराज छात्र सोमवार को झारखंड विधानसभा का घेराव करेंगे। सुबह 10 बजे छात्रों का विधानसभा मार्च शुरू होगा। आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने विधानसभा के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है और कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है।

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जुटे अभ्यर्थी

छात्र पिछले कई दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में डटे हुए हैं। रविवार सुबह से ही राज्य के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के रांची पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पुरानी विधानसभा परिसर और मोरहाबादी मैदान के आसपास छात्रों की भीड़ बढ़ने से वहां लगाया गया पंडाल भी छोटा पड़ गया।

आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, प्रदर्शन जारी रहेगा। छात्रों ने आरोप लगाया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों से रांची पहुंच रहे कई अभ्यर्थियों को पुलिस रास्ते में रोक रही है।

विधानसभा के आसपास कंटीले तारों से बैरिकेडिंग

छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। विधानसभा के आसपास कई स्तरों पर सुरक्षा घेरा बनाया गया है और कंटीले तारों के साथ बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

रांची जिला प्रशासन ने आंदोलनकारी छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की है। प्रशासन ने विधानसभा मार्च के दौरान हिंसा या किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि से दूर रहने की चेतावनी दी है।

तीसरे दौर की बातचीत में भी नहीं निकला रास्ता

इससे पहले रविवार को छात्रों के प्रतिनिधियों और सरकार के बीच तीसरे दौर की बातचीत हुई। यह बैठक पांच घंटे से अधिक समय तक चली। सरकार ने छात्रों की कई मांगों पर सहमति जताते हुए आंदोलन समाप्त कराने की कोशिश की।

सरकार 14वीं JPSC परीक्षा को रद्द करने और पूरे मामले की जांच कराने के लिए तैयार है। छात्रों की कुछ अन्य मांगों पर भी सरकार की ओर से सहमति जताई गई, लेकिन CBI जांच समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत अटक गई। इसके बाद छात्रों ने आंदोलन जारी रखने और विधानसभा घेराव का फैसला किया।

जमशेदपुर में भी निषेधाज्ञा लागू

आंदोलन को लेकर प्रशासन ने दूसरे इलाकों में भी सतर्कता बढ़ाई है। रविवार आधी रात से जमशेदपुर में निषेधाज्ञा यानी धारा 163 लागू कर दी गई। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं।

वहीं, रांची प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे अपने आंदोलन को शांतिपूर्ण रखें और किसी भी उकसावे में आकर ऐसा कदम न उठाएं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़े।

पुलिस ने छात्रों से की अनुशासन बनाए रखने की अपील

छात्रों के प्रस्तावित विधानसभा मार्च को लेकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) मनोज कौशिक ने कहा कि अशांति की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन को अलर्ट किया गया है। उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से मार्च में शामिल होने की अपील की।

एडीजी ने कहा कि पिछले दो सप्ताह से अधिक समय से चल रहे आंदोलन के दौरान छात्रों ने अब तक अनुशासन बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि यह भी प्रदर्शनकारियों की जिम्मेदारी है कि किसी असामाजिक तत्व या उपद्रव करने वाले व्यक्ति को मार्च का हिस्सा न बनने दिया जाए।

फिलहाल सरकार और छात्रों के बीच बातचीत के बावजूद जिन मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी है, उन्हें लेकर गतिरोध बरकरार है। ऐसे में सोमवार का विधानसभा मार्च आंदोलन की आगे की दिशा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।