{"vars":{"id": "130921:5012"}}

केंद्र सरकार और विपक्ष पर कन्हैया कुमार का हमला, बोले- “रील से नहीं, सड़क पर होती है राजनीति”

 

New Delhi : कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने पेपर लीक, SIR और विपक्ष की राजनीति को लेकर केंद्र सरकार के साथ-साथ विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि असली लड़ाई सड़क पर लड़ी जा रही है, जबकि कुछ लोग सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित हैं।

“कॉकरोच जनता पार्टी सिर्फ रील बना रही”

बातचीत के दौरान कन्हैया कुमार का “कॉकरोच जनता पार्टी” वाला बयान सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी विपक्ष का स्पेस नहीं खा रही है। ये सिर्फ रील बनाने वाले लोग हैं। विपक्ष सड़क पर लड़ाई लड़ रहा है। अभी कॉकरोच जनता पार्टी कोई दल नहीं बनी है। मेरी शुभकामनाएं हैं कि वे दल बनाएं और जमीन पर जाएं। सिर्फ रील के माध्यम से राजनीति नहीं होती।

उन्होंने कहा कि राजनीति जनता के मुद्दों पर संघर्ष से चलती है, केवल सोशल मीडिया कंटेंट बनाने से नहीं।

पेपर लीक मामले पर सरकार को घेरा

पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि पेपर लीक के मामले पर सरकार चुप क्यों है? मोदी जी प्रधान को क्यों बचा रहे हैं?”

कन्हैया कुमार ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है और आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

“युवा सड़क पर उतरेंगे”

कांग्रेस नेता ने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ युवा सड़क पर रहेगा। आने वाले समय में विरोध प्रदर्शन और तेज किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर युवाओं में भारी नाराजगी है।

 SIR और चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल

Bihar और West Bengal में चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी कन्हैया कुमार ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल में वोट चोरी हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि SIR वैध है, लेकिन Rahul Gandhi ने सबूत के साथ बताया है कि चुनाव आयोग ने किस तरीके से धांधली की है।

उन्होंने दावा किया कि विपक्ष चुनावी गड़बड़ियों के मुद्दे को जनता के बीच लगातार उठा रहा है और इस पर आंदोलन जारी रहेगा।