केरल चुनाव परिणाम: कांग्रेस की बंपर जीत की ओर; कौन बनेगा सीएम?
केरल: केरल में 9 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना सोमवार को तेज गति से चल रही है। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है।
तिरुवनंतपुरम स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ता और नेता उत्साह से भरे नजर आ रहे हैं। सांसद शशि थरूर समेत वरिष्ठ नेताओं ने शुरुआती रुझानों को देखते हुए जश्न मनाना शुरू कर दिया है। रुझान एग्जिट पोल के अनुमानों के अनुरूप बताए जा रहे हैं, जिसमें विपक्षी गठबंधन को मजबूत बढ़त मिलने का संकेत मिल रहा है।
भाजपा का इंतजार, विपक्ष पर साधा निशाना
केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शुरुआती रुझानों पर सतर्क प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी अंतिम परिणामों का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा, “दोपहर तक तस्वीर साफ होने के बाद ही हम विस्तार से टिप्पणी करेंगे।”
राजीव चंद्रशेखर ने लोकतंत्र का हवाला देते हुए कहा कि किसी एक पार्टी को दूसरे का भविष्य तय करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने सीपीएम और कांग्रेस पर अहंकार का आरोप लगाया। साथ ही भरोसा जताया कि इंडी गठबंधन की विभाजनकारी राजनीति और भ्रष्टाचार को जनता नकारेगी तथा राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त और बेहतर शासन की दिशा में ले जाएगी।
वर्तमान में मतगणना जारी है और अंतिम नतीजों के आने में अभी समय लग सकता है। राजनीतिक गलियारों में यूडीएफ की बढ़त को लेकर चर्चा तेज हो गई है।