अरुणाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड और बाढ़ का कहर, 4 की मौत; सेना के 5 जवान लापता
ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच लैंडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। राज्य में शुक्रवार शाम हुई दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सेना के पांच जवान लापता बताए जा रहे हैं।
स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन्स सेंटर के मुताबिक, दिबांग वैली जिले में अचानक आई बाढ़ के कारण सेना के दो शेल्टर बह गए। हादसे के बाद पांच जवान लापता हैं। शनिवार, 15 अगस्त को अधिकारियों ने घटना की जानकारी दी। लापता जवानों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
लैंडस्लाइड में चार लोगों की मौत
वहीं, अपर सुबनसिरी जिले में सड़क निर्माण स्थल पर हुए बड़े लैंडस्लाइड में चार लोगों की मौत हो गई। मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की सूचना मिली थी।
मृतकों की पहचान टाडू बाकी, ताजी राय, मार्कोश बसुमतारी और बाबुल अली के रूप में हुई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के अनुसार, बाबुल अली का शव बरामद कर लिया गया है।
घटना के बाद नाचो पुलिस स्टेशन के जवानों को खोज एवं बचाव अभियान में लगाया गया है। डपोरिजो से फायर एंड इमरजेंसी सर्विस के जवानों को भी मौके पर भेजा जा रहा है। इसके अलावा एसडीआरएफ की एक टीम भी राहत और बचाव अभियान में शामिल होगी।