{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कोलकाता में लगी लियोनेल मेसी की 70 फीट ऊंची मूर्ति हटेगी, सुरक्षा चिंताओं के बाद प्रशासन का बड़ा फैसला
 

 

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में स्थापित फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी की 70 फीट ऊंची विशाल मूर्ति को अब सुरक्षा कारणों के चलते हटाया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद प्रशासन ने यह फैसला लिया है।

बताया गया कि तेज हवा चलने के दौरान यह मूर्ति झूलती हुई दिखाई देती थी, जिससे आसपास के लोगों में हादसे की आशंका बढ़ गई थी। शिकायत मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि मूर्ति की संरचनात्मक मजबूती कमजोर हो चुकी है, जिसके कारण किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने के लिए इसे तुरंत हटाना जरूरी माना गया।

यह विशाल प्रतिमा पिछले साल दिसंबर में मेसी के प्रशंसकों द्वारा FIFA वर्ल्ड कप 2022 जीत की याद में बनवाई गई थी। मूर्ति में अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर को वर्ल्ड कप ट्रॉफी पकड़े हुए दर्शाया गया है। इसे मेसी के भारत दौरे ‘GOAT Tour’ से पहले स्थापित किया गया था।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्रतिमा को तैयार करने में करीब 27 दिन का समय लगा था। वहीं, प्रशासन अब इस मूर्ति को दोबारा लगाने के लिए किसी सुरक्षित और उपयुक्त स्थान की तलाश कर रहा है।

गौरतलब है कि पिछले साल मेसी अपने इंटर मियामी टीम के साथियों के साथ भारत दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली समेत चार शहरों का दौरा किया था।