{"vars":{"id": "130921:5012"}}

LPG Price Update: 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर के नए रेट जारी, घरेलू गैस की कीमत भी जानें

 
नई दिल्ली। देश में एलपीजी (LPG) की सप्लाई में आ रही कमी और लगातार बढ़ती कीमतों के बीच आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। कई राज्यों में लोग अनियमित सप्लाई और महंगे सिलेंडर की मार झेल रहे हैं। इसी बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है।

‘ग्रीन सांवरी’ से बड़ी उम्मीद

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय एलपीजी टैंकर ‘ग्रीन सांवरी’ 46,650 मीट्रिक टन गैस लेकर सफलतापूर्वक होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुका है और भारत की ओर बढ़ रहा है।

बताया जा रहा है कि यह मात्रा देश की करीब आधे दिन की LPG जरूरत को पूरा करने में सक्षम है। इस जहाज पर 25 नाविक सवार हैं।

तनाव के बावजूद जारी है सप्लाई

सरकार के अनुसार, मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद भारत की ऊर्जा सप्लाई बनी हुई है। ईरान से आया एक और एलपीजी जहाज मंगलौर बंदरगाह पर पहुंच चुका है, जो इस बात का संकेत है कि सप्लाई चेन अभी पूरी तरह बाधित नहीं हुई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘ग्रीन सांवरी’ इस अवधि में होर्मुज स्ट्रेट पार करने वाला सातवां भारतीय टैंकर है।

क्यों अहम है होर्मुज स्ट्रेट

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और गैस मार्गों में से एक है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद यह रास्ता लगभग बंद हो गया था, जिससे वैश्विक सप्लाई पर असर पड़ा।

LPG की कीमतों में उछाल

इस बीच, देश में एलपीजी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

दिल्ली:
घरेलू LPG (14.2 किग्रा) – ₹913
कमर्शियल LPG (19 किग्रा) – ₹2,078.50
कोलकाता:
घरेलू – ₹939
कमर्शियल – ₹2,192.50
मुंबई:
घरेलू – ₹912.50
कमर्शियल – ₹2,030.50
चेन्नई:
घरेलू – ₹929
कमर्शियल – ₹2,243.50

गौरतलब है कि 1 अप्रैल से कमर्शियल सिलेंडर के दाम में ₹195.50 की बढ़ोतरी हुई है, जबकि घरेलू सिलेंडर की कीमत 7 मार्च को ₹60 बढ़ाई गई थी।

आम जनता पर बढ़ता बोझ

कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई में अनियमितता के चलते आम लोगों का बजट बिगड़ता नजर आ रहा है। हालांकि, ‘ग्रीन सांवरी’ जैसे टैंकरों की आवक से निकट भविष्य में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।