महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के निधन से देश शोक में, सीएम योगी ने बताया हृदय विदारक, अखिलेश–मायावती ने दी श्रद्धांजलि
मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख नेता अजित पवार का आज बुधवार सुबह एक दुखद विमान हादसे में निधन हो गया। यह हादसा महाराष्ट्र के बारामती में विमान के लैंडिंग के दौरान हुआ, जिसमें विमान सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे ने पूरे राजनीतिक परिदृश्य को स्तब्ध कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, अजित पवार मुंबई से बारामती जा रहे थे, जहां वे जिला परिषद चुनावों से जुड़े चार सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले थे। निजी चार्टर्ड विमान (लर्नजेट 45) बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तभी यह रनवे से फिसलकर एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया और कई धमाके हुए। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने पुष्टि की है कि विमान में अजित पवार के अलावा उनके सुरक्षा कर्मी, सहायक और दो क्रू सदस्य सवार थे, और सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। विमान के मलबे से धुआं उठता दिख रहा है और बचाव दल राहत कार्य में जुटे हैं। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती रिपोर्ट्स में घने कोहरे या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
इस दुखद घटना पर देश भर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र के बारामती में हुए दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी एवं अन्य सदस्यों का निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।"
बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी एक्स पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री तथा महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेताओं में से एक नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के नेता श्री अजित पवार जी का आज बारामती में विमान हादसा में हुई मौत अति-दुखद। उनके परिवार तथा उनकी पार्टी के लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।"
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई अन्य नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
अजित पवार (66 वर्ष) महाराष्ट्र की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा थे, जिन्हें बारामती का 'दादा' कहा जाता था। वे कई बार उपमुख्यमंत्री रह चुके थे और पवार परिवार के प्रभावशाली नेता थे।
इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए राजनीतिक हलकों में कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र ने एक अनुभवी और जनसंपर्क वाले नेता को खो दिया है। जांच एजेंसियां हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही हैं।