{"vars":{"id": "130921:5012"}}

खान सर के कोचिंग संस्थान पर हमले में बड़ी कार्रवाई, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार

 

Patna : चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान गौरव और अभिषेक के रूप में हुई है।

एफआईआर में 4 नामजद, 15 अज्ञात आरोपी

मामले में खान सर के संस्थान से जुड़े कन्हैया सिंह ने कदमकुआं पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर में चार नामजद और 15 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाल ही में घोषित दारोगा भर्ती परीक्षा के परिणाम को लेकर दोनों संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान

मामले के बाद बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा को नियंत्रित करने के लिए सरकार नई कोचिंग पॉलिसी लाएगी।

उन्होंने बताया कि अगले तीन महीनों के भीतर नीति तैयार की जाएगी और इससे पहले सभी संबंधित पक्षों की राय ली जाएगी। मंत्री ने कहा कि नीति लागू होने के बाद ऐसी घटनाओं पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बीजेपी विधायक ने जताई चिंता

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि पटना का यह इलाका शिक्षा का प्रमुख केंद्र है, जहां बिहार ही नहीं बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से छात्र तैयारी करने आते हैं।

उन्होंने कहा कि संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक है, लेकिन उसका रूप हिंसा और तनाव में बदलना चिंताजनक है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।