बिहार प्रशासन में बड़ा फेरबदल, कई IAS अफसर इधर से उधर… जानिए किसे मिला कौन सा पद
Patna : बिहार में प्रशासनिक फेरबदल के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने शुक्रवार को कई आईएएस अधिकारियों का तबादला और अतिरिक्त प्रभार संबंधी आदेश जारी किया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वे महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त (सामान्य प्रशासन विभाग) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
गृह विभाग में अपर मुख्य सचिव समेत कई विभागों का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अरविंद कुमार चौधरी को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग में अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वे बिहार संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के परीक्षा नियंत्रक और बिहार कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेंद्र को निगरानी विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह पहले से जनशिकायत विभाग, बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के मिशन निदेशक और बिपार्ड के महानिदेशक के अतिरिक्त प्रभार में हैं।
उद्योग विभाग के सचिव Kundan Kumar को गृह विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे बिहार फाउंडेशन के सीईओ और बियाडा के प्रबंध निदेशक का दायित्व भी संभाल रहे हैं। वहीं वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
इसके अलावा बिहार मानवाधिकार आयोग की सचिव सीमा त्रिपाठी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सिविल विमानन विभाग के विशेष सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे को बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वहीं बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक इनायत खान को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के विशेष सचिव अरविंद कुमार वर्मा को उद्योग विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।
इसके साथ ही बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार श्रीवास्तव को वित्त विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है।