{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को बताया ‘सबसे बड़ा घुसपैठिया’, लगाए कई गंभीर आरोप

 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें सबसे बड़ा घुसपैठिया तक कह दिया। ईद के मौके पर कोलकाता के रेड रोड पर नमाज के बाद लोगों को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

‘विदेश में दोस्ती, देश में बांटने की राजनीति’

ममता बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जब विदेश दौरे पर जाते हैं तो वहां के नेताओं से हाथ मिलाकर दोस्ती की बात करते हैं, लेकिन देश लौटते ही हिंदू-मुस्लिम की राजनीति शुरू हो जाती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के नाम हटाने और उन्हें “घुसपैठिया” बताने की कोशिश की जा रही है। इसी दौरान उन्होंने कहा, “मैं कहूंगी कि आप ही सबसे बड़े घुसपैठिया हैं।”

‘बंगाल में अनऑफिशियल प्रेसिडेंट रूल’ का आरोप

टीएमसी सुप्रीमो ने केंद्र सरकार पर पश्चिम बंगाल में दखल देने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में अनौपचारिक रूप से राष्ट्रपति शासन जैसी स्थिति बना दी गई है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वे डरने वाली नहीं हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग बंगाल को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें करारा जवाब मिलेगा।

केरल में विजयन का राहुल गांधी पर हमला

इधर, केरल की राजनीति में भी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे भाजपा की “बी-टीम” की तरह काम कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को मुद्दों को समझने में दिक्कत होती है और उनके बयान तथ्यों पर आधारित नहीं होते।

राहुल गांधी के बयान पर पलटवार

दरअसल, राहुल गांधी ने हाल ही में कहा था कि देश के अन्य विपक्षी नेताओं को केंद्रीय एजेंसियों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है, जबकि केरल के मुख्यमंत्री के खिलाफ ऐसी कार्रवाई नहीं हो रही है।

इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पिनाराई विजयन ने कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि ऐसे आरोप बेबुनियाद हैं।