{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कौन हैं मनदीप के भंडारी? जम्मू-कश्मीर LG के प्रधान सचिव से अब बने CBSE चेयरपर्सन

केंद्र सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2001 बैच के IAS अधिकारी मनदीप के. भंडारी को CBSE का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है। भंडारी इससे पहले जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के रूप में कार्यरत थे। जानिए मनदीप भंडारी का प्रशासनिक करियर और केंद्र के अन्य बड़े अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां।
 

CBSE New Chairman: केंद्र सरकार ने शुक्रवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी हैं। इसी क्रम में 2001 बैच के IAS अधिकारी मनदीप के. भंडारी को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है।

मनदीप भंडारी फिलहाल जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत थे। CBSE में उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब पिछले कुछ महीनों में बोर्ड के शीर्ष नेतृत्व में बदलाव देखने को मिले हैं। इससे पहले लोकहांडे प्रशांत सीताराम CBSE चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।

मनदीप भंडारी को मिली CBSE की कमान

मनदीप के. भंडारी AGMUT कैडर के 2001 बैच के IAS अधिकारी हैं। वह मार्च 2023 से जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के रूप में काम कर रहे थे। उनके पास जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ-साथ केंद्र सरकार में भी लंबे प्रशासनिक अनुभव का रिकॉर्ड है।

उनके नए पद पर आने के साथ CBSE को अब नियमित चेयरपर्सन मिल गया है। बोर्ड देशभर और विदेशों में संबद्ध स्कूलों, बोर्ड परीक्षाओं और स्कूली शिक्षा से जुड़े कई अहम प्रशासनिक और अकादमिक कार्यों की देखरेख करता है।

कौन हैं मनदीप के. भंडारी?

मनदीप भंडारी का जन्म 14 दिसंबर 1974 को हुआ था। वह AGMUT कैडर के IAS अधिकारी हैं और उनके प्रशासनिक करियर का बड़ा हिस्सा जम्मू-कश्मीर में रहा है।

अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने जिला प्रशासन में कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं। वह भद्रवाह में SDM, कठुआ में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त और लेह तथा जम्मू के उपायुक्त रह चुके हैं। इसके अलावा वह जम्मू के संभागीय आयुक्त और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के CEO की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर सरकार के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में आयुक्त/सचिव के तौर पर भी काम किया है।

केंद्र सरकार में भी कर चुके हैं काम

मनदीप भंडारी का अनुभव सिर्फ जम्मू-कश्मीर प्रशासन तक सीमित नहीं है। वह केंद्र सरकार में भी महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।

उपलब्ध सेवा रिकॉर्ड के मुताबिक, उन्होंने तत्कालीन मानव संसाधन विकास मंत्री के निजी सचिव के तौर पर काम किया था। इसके बाद वह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में संयुक्त सचिव भी रहे।

अब CBSE चेयरपर्सन के तौर पर उनके सामने बोर्ड की परीक्षा व्यवस्था, संबद्धता, अकादमिक प्रशासन और स्कूल शिक्षा से जुड़े दूसरे महत्वपूर्ण कामों की जिम्मेदारी होगी।

केंद्र के प्रशासनिक फेरबदल में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी

मनदीप भंडारी की नियुक्ति के साथ केंद्र सरकार ने कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के विभाग भी बदले हैं। विपिन कुमार, जो भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के चेयरमैन थे, उन्हें ग्रामीण विकास विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

श्रीकांत नागुलपल्ली, जो हाइड्रोकार्बन महानिदेशक के पद पर थे, अब वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में अतिरिक्त सचिव होंगे। उनकी जगह वी. पोन्नुराज को हाइड्रोकार्बन महानिदेशक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा सरिता चौहान चांद को इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार, आनंद सिंह को आर्थिक मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव और पी. हेमलता को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। अंकिता मिश्रा बुंदेला को उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव और मनीषा सेनशर्मा को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है।