{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू, मुख्यमंत्री एन. बिरेन सिंह के इस्तीफे के बाद केंद्र का बड़ा फैसला

 

इंफाल। मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री एन. बिरेन सिंह के इस्तीफे के बाद गृह मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की। राज्य में नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन इससे पहले ही यह कदम उठाया गया।

मुख्यमंत्री एन. बिरेन सिंह ने 9 फरवरी 2025 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका इस्तीफा ऐसे समय में आया जब कांग्रेस की ओर से विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही थी। इस्तीफे से पहले उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी।

संविधान के अनुच्छेद 356 के तहत राष्ट्रपति शासन तब लगाया जाता है जब राज्य सरकार संवैधानिक व्यवस्था के तहत सुचारू रूप से कार्य नहीं कर पाती। राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने अर्धसैनिक बलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की थी।

बीजेपी के पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा हाल ही में मणिपुर दौरे पर थे और उन्होंने कई बैठकें की थीं। इस महीने की शुरुआत में विधानसभा अध्यक्ष सत्यव्रत को दिल्ली बुलाए जाने के बाद से ही राज्य में सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई थीं। बीजेपी नेतृत्व द्वारा सरकार बचाने की कोशिशों के बावजूद अंततः राष्ट्रपति शासन लागू करना पड़ा।