{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Mann Ki Baat 138th Episode: सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने पर बोले PM मोदी- आज का भारत आतंक बर्दाश्त नहीं करता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने का जिक्र किया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख के साथ अशोक सिंहल, मोढेरा सूर्य मंदिर, सुंदरबन की महिलाएं, नशा मुक्त युवा अभियान, हॉकी प्रतिभाओं और प्रतापगढ़ के आंवले की चर्चा की।
 

Mann Ki Baat 138th Episode: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में उन्होंने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने का जिक्र करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख की बात की। इसके अलावा पीएम मोदी ने अशोक सिंहल, मोढेरा सूर्य मंदिर, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्त युवा अभियान, हॉकी प्रतिभाओं और प्रतापगढ़ के आंवले से जुड़े प्रयासों का भी उल्लेख किया। 138वां एपिसोड 27 सितंबर 2026 को प्रसारित हुआ।

सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल, पीएम बोले- आतंक बर्दाश्त नहीं करता भारत

पीएम मोदी ने कहा कि 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) पार जाकर पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की थी। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का एक नया उदाहरण दुनिया के सामने रखा।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, लंबे समय तक आतंकवादी हमलों से मिली पीड़ा के बाद सर्जिकल स्ट्राइक भारत की निर्णायक प्रतिक्रिया थी। उन्होंने कहा कि आज का भारत आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करता है।

अशोक सिंहल को किया याद

‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व नेता अशोक सिंहल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 27 सितंबर 1926 को आगरा में अशोक सिंहल का जन्म हुआ था और उनकी जन्म शताब्दी के मौके पर वह उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि अशोक सिंहल ने समाज के बीच रहते हुए तपस्वी जैसा जीवन बिताया और राम जन्मभूमि आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा देने में भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण उसी प्रयास की परिणति के रूप में देखा जाता है।

मोढेरा सूर्य मंदिर के 1000 साल पूरे होने का जिक्र

प्रधानमंत्री ने गुजरात के मोढेरा स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 1025 ईस्वी में राजा भीमदेव ने इस मंदिर का निर्माण कराया था और 1026 ईस्वी में महमूद गजनवी के सोमनाथ पर हमले के संदर्भ में मोढेरा सूर्य मंदिर को भी नुकसान पहुंचाए जाने का उल्लेख किया।

पीएम मोदी ने कहा कि इस साल उस घटना के 1000 साल पूरे हो रहे हैं। उन्होंने मोढेरा की वर्तमान पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि ऐतिहासिक सूर्य मंदिर के साथ यह देश के पहले ‘सोलर विलेज’ के रूप में भी पहचान बना चुका है।

सुंदरबन की महिलाओं और मैंग्रोव का जिक्र

पीएम मोदी ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े स्थानीय प्रयासों को भी ‘मन की बात’ में जगह दी। उन्होंने सुंदरबन के झारखाली क्षेत्र की महिलाओं का उदाहरण दिया, जो मैंग्रोव के जंगल तैयार करने में जुटी हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि इन महिलाओं में ऐसी कई महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्होंने टाइगर अटैक में अपने पति को खो दिया। इसके बाद सुंदरबन से ही उन्हें आजीविका का सहारा मिला। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा लगाए जा रहे मैंग्रोव गांवों के लिए प्राकृतिक सुरक्षा कवच का काम कर रहे हैं। साथ ही इससे महिलाओं के लिए आय के नए अवसर भी बन रहे हैं।

नशे के खिलाफ युवाओं के संकल्प की चर्चा

प्रधानमंत्री ने ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के लाखों युवाओं ने नशे और ड्रग्स से दूर रहने का संकल्प लिया है। पीएम मोदी ने बताया कि कई युवा खुद नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा लेने के साथ-साथ इस संदेश को दूसरे लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी उठा रहे हैं।

गांवों की हॉकी प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

पीएम मोदी ने युवा हॉकी खिलाड़ियों को तैयार करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने राजिंदर सिंह सीनियर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वह गांवों और छोटे इलाकों में मौजूद हॉकी प्रतिभाओं को खोजने और उन्हें प्रशिक्षण देने का काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर भारत को खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन करना है तो गांवों और कस्बों तक पहुंचकर प्रतिभाओं की पहचान करनी होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें सही प्रशिक्षण और अवसर की जरूरत है।

प्रतापगढ़ का आंवला बना रोजगार का जरिया

‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के आंवले का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि आंवला किसानों के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार और आय के नए अवसर पैदा कर रहा है।

पीएम मोदी के मुताबिक, प्रतापगढ़ में आंवला प्रोसेसिंग से जुड़ी करीब 100 यूनिट काम कर रही हैं। इनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने देवगढ़ कमासी गांव के सावित्री फुले स्वयं सहायता समूह का उदाहरण दिया। यहां समूह से जुड़ी महिलाएं आंवले से कैंडी, मुरब्बा और जूस जैसे उत्पाद तैयार कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि ODOP के जरिए इन उत्पादों को नए बाजार मिलने से महिलाओं की आय बढ़ाने के अवसर भी बने हैं।

विरासत से लेकर पर्यावरण तक, कई मुद्दों का जिक्र

138वें ‘मन की बात’ एपिसोड में पीएम मोदी ने देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सामाजिक, पर्यावरणीय और आर्थिक बदलावों से जुड़े प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत की पुरानी परंपराओं और विरासत से जुड़ाव आज भी जीवंत है और इसे आगे बढ़ाने में स्थानीय लोगों का योगदान महत्वपूर्ण है।

उन्होंने तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के मनप्पारई में हो रहे प्रयासों का भी जिक्र किया और कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग अपनी परंपराओं और विरासत को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।