इंदौर में EV शोरूम में भीषण आग, अपार्टमेंट में फंसे 20 से अधिक लोगों को रस्सी और सीढ़ी से बचाया गया
इंदौर। शहर की स्कीम-136 स्थित एक अपार्टमेंट की भूतल मंजिल पर बने इलेक्ट्रिक वाहन (EV) शोरूम में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगने से अपार्टमेंट में रहने वाले छह परिवारों के लोग ऊपरी मंजिलों पर फंस गए। धुएं और आग के कारण वे सीढ़ियों के रास्ते नीचे नहीं उतर पा रहे थे। ऐसे में स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 8:15 बजे लगी। उस समय शोरूम बंद था। आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम में खड़े सभी दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन जलकर राख हो गए। आग से उठे घने धुएं ने पूरे अपार्टमेंट को अपनी चपेट में ले लिया।
धुआं फ्लैट में घुसा तो खुली नींद
घटना के समय अपार्टमेंट के फ्लैटों में रहने वाले कई लोग सो रहे थे। अचानक घरों में धुआं भरने लगा, जिससे उनकी नींद खुल गई। जब उन्होंने नीचे झांककर देखा तो शोरूम में भीषण आग लगी हुई थी और नीचे उतरने का रास्ता पूरी तरह बंद हो चुका था।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
अपार्टमेंट से सटी एक अन्य मल्टी में रहने वाले लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने फंसे हुए लोगों को छत पर आने के लिए कहा और अपने घरों से रस्सियां तथा सीढ़ियां लाकर मुंडेर के सहारे लगाईं। इसके बाद एक-एक कर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने भी की मदद
रहवासी श्याम दुबे ने बताया कि धुआं उठता देखकर तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। जब तक दमकल की टीम पहुंची, तब तक स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट चुके थे। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी नरेंद्र मंडेलिया ने भी लोगों को सुरक्षित निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।