अमरनाथ यात्रियों से भरी बस में भीषण आग, 54 लोगों को सुरक्षित निकाला गया; दमकलकर्मी झुलसा
जम्मू। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के करोल क्षेत्र में गुरुवार दोपहर अमरनाथ यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। बस में सवार 47 श्रद्धालुओं समेत चालक और परिचालक सहित सभी 54 लोगों को सुरक्षाबलों, पुलिस और आपदा प्रबंधन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत और बचाव दल की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया।
अधिकारियों के अनुसार, राजस्थान के श्रद्धालुओं को लेकर स्लीपर बस (RJ27PC-9921) श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही थी। करोल क्षेत्र के पास अचानक बस का एक टायर फट गया। इसके बाद देखते ही देखते बस में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, सीआरपीएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, सिविल क्विक रिस्पॉन्स टीम और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और आग के पूरी बस को चपेट में लेने से पहले ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में किसी भी श्रद्धालु के घायल होने की सूचना नहीं है।
आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मी झुलसा
बस में लगी आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग के जवान एसजीसीटी मनहर लाल भट्ट झुलस गए। उन्हें जिला अस्पताल से जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है। प्रशासन ने आग लगने की घटना की जांच शुरू कर दी है।
यात्रियों के पास सिर्फ पहने हुए कपड़े बचे
आग इतनी भीषण थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई। यात्रियों का सामान और अन्य निजी वस्तुएं भी बस के साथ जल गईं। श्रद्धालुओं के पास सिर्फ उनके पहने हुए कपड़े ही बचे। रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की है।
प्रशासन ने यात्रियों के सामान के नुकसान को देखते हुए उनके ठहरने, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं को दूसरी बस से आगे की यात्रा के लिए जम्मू रवाना कर दिया गया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी घटना की जानकारी ली और प्रभावित यात्रियों को हरसंभव राहत देने के निर्देश दिए।