Medical Stores Strike: कल देशभर में बंद रहेंगे मेडिकल स्टोर, मरीजों की बढ़ सकती है परेशानी
नई दिल्ली: देशभर में ऑनलाइन और ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते प्रभाव के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) ने 20 मई को राष्ट्रव्यापी बंद का ऐलान किया है। संगठन का दावा है कि इस बंद के दौरान दिल्ली में करीब 15 हजार और पूरे देश में लगभग 7 से 8 लाख मेडिकल स्टोर बंद रह सकते हैं। हालांकि, आपातकालीन दवा सेवाएं जारी रखने की बात कही गई है ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो।
छोटे मेडिकल स्टोर्स पर बढ़ रहा दबाव
दवा कारोबारियों का कहना है कि ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियां भारी छूट और तेज डिलीवरी की सुविधा देकर पारंपरिक मेडिकल स्टोर्स के कारोबार को प्रभावित कर रही हैं। दिल्ली रिटेल डिस्ट्रीब्यूशन केमिस्ट अलायंस (RDCA) के अध्यक्ष संदीप नांगिया ने कहा कि ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स की वजह से छोटे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
कई संगठनों ने बनाई दूरी
वहीं, इस प्रस्तावित बंद से कई दवा कारोबारी संगठनों ने खुद को अलग कर लिया है। ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट फेडरेशन (AICDF) ने स्पष्ट किया है कि वह इस हड़ताल का समर्थन नहीं करेगा। संगठन के अध्यक्ष कैलाश गुप्ता ने कहा कि इस तरह के बंद से बाजार में अव्यवस्था बढ़ेगी और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ेगा।
दवा उपलब्धता सामान्य रहने का दावा
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) के सूत्रों के मुताबिक, कई राज्य स्तरीय रिटेल फार्मेसी एसोसिएशनों ने भरोसा दिलाया है कि आम लोगों को दवाओं की उपलब्धता प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। सरकार भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि मरीजों को जरूरी दवाएं समय पर मिलती रहें।