{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक से टकराकर कार में लगी आग, चालक घायल
 

 

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर क्षेत्र के गांव मुरादाबाद के पास बुधवार रात करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी, जिससे उसमें आग लग गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में लगी सीएनजी किट में धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हादसे में कार चालक रोहित कुमार घायल हो गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। रोहित कुमार मेरठ के ब्रह्मपुरी कॉलोनी के निवासी हैं और दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।

हादसे के चलते एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और मेरठ की ओर जाने वाली लेन में लंबा जाम लग गया। बाद में एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि हादसे के बाद कार में आग लग गई थी और घायल चालक को अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।