{"vars":{"id": "130921:5012"}}

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर मोहन भागवत का पहला रिएक्शन, बोले- होसबाले के विचारों से पूरी तरह सहमत हूं...

 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने जो बयान दिया है, उससे वे पूरी तरह सहमत हैं।

रविवार को नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मोहन भागवत ने कहा, होसबाले जी का बयान पढ़ लीजिए, मेरी भी वही राय है।

होसबाले ने क्या कहा था?

आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने शुक्रवार को जारी अपने बयान में कहा था कि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी की घटना ने राम भक्तों और पूरे हिंदू समाज की आस्था को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

होसबाले ने यह भी आरोप लगाया था कि कुछ हिंदू विरोधी ताकतें इस घटना का इस्तेमाल हिंदू समाज और उसकी आस्था को बदनाम करने के लिए कर रही हैं। उन्होंने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि समाज को किसी भी तरह के भड़कावे से बचना चाहिए।

 सोमवार को ट्रस्ट की अहम बैठक

इस बीच, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को अयोध्या स्थित मणिराम दास छावनी में आयोजित होगी। बैठक में चढ़ावा मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की अंतरिम रिपोर्ट पर चर्चा की जाएगी।

फिलहाल इस मामले की दो स्तरों पर जांच चल रही है। एक जांच विशेष जांच दल (SIT) कर रही है, जिसका कार्यकाल जुलाई के अंत तक बढ़ा दिया गया है, जबकि दूसरी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

दान व्यवस्था में बढ़ाई गई सख्ती

जांच के बीच राम मंदिर प्रशासन ने दान की राशि की गिनती और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। इसके तहत गिनती कक्ष में सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई गई है, प्रवेश और निकास पर कड़े नियंत्रण लागू किए गए हैं तथा कर्मचारियों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां वित्तीय लेन-देन, कैश हैंडलिंग प्रक्रिया और आरोपियों की संपत्तियों से जुड़े पहलुओं की भी गहन जांच कर रही हैं। ऐसे में सोमवार को होने वाली ट्रस्ट की बैठक को इस पूरे प्रकरण में बेहद अहम माना जा रहा है।