‘शिलांग तक पैसों का खेल हुआ’…सोनम रघुवंशी की जमानत पर फूटा राजा की मां का गुस्सा, परिवार करेगा हाईकोर्ट का रुख
Raja Raghuvanshi Murder Case : इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले की मुख्य आरोपी और मृतक राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलांग कोर्ट से जमानत मिल गई है। कोर्ट के इस फैसले के बाद राजा रघुवंशी का परिवार नाराज और हैरान नजर आ रहा है।
मां ने लगाए गंभीर आरोप
राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने जमानत मिलने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह फैसला उनकी समझ से परे है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि मामले में “पैसों का खेल” हुआ है। उमा रघुवंशी ने कहा, सोनम को इतनी आसानी से जमानत मिलना समझ से बाहर है। मुझे लगता है कि अंदर ही अंदर लेनदेन हुआ है और यह खेल शिलांग तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए आखिरी सांस तक लड़ाई लड़ेंगी।
अगर लड़का होता तो इतनी आसानी से बेल नहीं मिलती
उमा रघुवंशी ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि जांच के अंतिम चरण में पुलिस ने मामले में ढिलाई बरती, जिसका फायदा आरोपी पक्ष को मिला। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी लड़की की जगह लड़का होता तो उसे इतनी आसानी से जमानत नहीं मिलती।
भाई ने भी जताई नाराजगी
राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने कोर्ट के फैसले पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि परिवार को उम्मीद नहीं थी कि आरोपी को इतनी जल्दी राहत मिल जाएगी। विपिन ने आरोप लगाया कि जांच और कानूनी प्रक्रिया के दौरान परिवार को कई जरूरी जानकारियां सही तरीके से नहीं दी गईं, जिसका फायदा आरोपी पक्ष को अदालत में मिला।
हाईकोर्ट जाएंगे परिजन, CBI जांच की मांग
परिवार ने साफ कर दिया है कि वे अब हाईकोर्ट में जमानत रद्द कराने की अपील करेंगे। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की मांग भी उठाई गई है।
क्या है पूरा मामला?
साल 2024 में राजा रघुवंशी की शादी सोनम रघुवंशी से हुई थी। शादी के बाद दोनों हनीमून के लिए शिलांग गए थे। कुछ दिनों बाद दोनों के लापता होने की खबर सामने आई। बाद में राजा रघुवंशी का शव शिलांग के एक जंगल क्षेत्र से बरामद किया गया था।
जांच में पुलिस ने सोनम रघुवंशी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया था। सोनम पर आरोप था कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। हालांकि अब कोर्ट ने उसे जमानत दे दी है।