{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मुंबई: 20 साल की दिव्यांग बेटी से दुष्कर्म, 17 संदिग्धों के DNA टेस्ट के बाद पिता गिरफ्तार
 

 

मुंबई I दक्षिण मुंबई के कफ परेड इलाके से एक बेहद दिल दहला देने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां 20 वर्षीय दिव्यांग (मूक-बधिर) युवती के साथ उसके ही पिता ने बार-बार दुष्कर्म किया, जिसके कारण वह पांच महीने की गर्भवती हो गई। DNA जांच रिपोर्ट में भ्रूण का DNA पिता से मैच होने के बाद पुलिस ने 50 वर्षीय आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला सितंबर 2025 में तब सामने आया जब युवती ने अपनी दादी को इशारों में बताया कि उसके पेट में 'कीड़े रेंगने' जैसा महसूस हो रहा है। इसके बाद उसे कामा एंड अल्बलेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मेडिकल जांच में पता चला कि वह पांच महीने की गर्भवती है। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

कफ परेड पुलिस ने मामला दर्ज किया। शुरुआत में युवती बयान देने में असमर्थ थी और डर के कारण नहीं देना चाहती थी। पुलिस ने पिता से बात की, लेकिन उसने यौन शोषण के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया और शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। काउंसलिंग सेशन के बाद युवती ने शिकायत दर्ज कराई।

युवती की जानकारी के आधार पर पुलिस ने पहले एक अन्य व्यक्ति और एक 17 वर्षीय लड़के को गिरफ्तार किया था। दोनों को युवती ने संकेतों से पहचाना था। जांच के दौरान पुलिस ने कुल 17 संदिग्धों (पिता सहित) के DNA और खून के सैंपल लिए और भ्रूण के जेनेटिक डेटा से मिलान किया।

27 जनवरी 2026 को फॉरेंसिक लैब रिपोर्ट में केवल एक पॉजिटिव मैच मिला, जो युवती के पिता का था। पुलिस के अनुसार, दुष्कर्म मार्च 2025 से 21 सितंबर 2025 के बीच हुआ। पहले गिरफ्तार दो अन्य आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हो चुकी है, लेकिन DNA रिपोर्ट से पिता की संलिप्तता साबित हुई है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।