मेरी बेटी को नया जीवन मिला... PM मोदी के फैसले पर नाबालिग की मां हुई भावुक
New Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली वायरल वीडियो में दिखाई देने वाली नाबालिग लड़की की मां ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि "उन्होंने मेरी बेटी को नया जीवन दिया है।" समाचार एजेंसी PTI से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बदले की बजाय माफी का रास्ता चुनकर अपनी महानता दिखाई है।
लड़की की मां ने कहा कि उनकी बेटी से गंभीर गलती हुई थी, लेकिन प्रधानमंत्री के माफ करने के फैसले ने उसका भविष्य बचा लिया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि "आज मेरी बेटी का नया जन्म हुआ है।" उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील भी की कि वे उनकी बेटी को "अपनी बेटी की तरह स्वीकार करें।"
मां ने बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर भी चिंता जताते हुए कहा कि कम उम्र के बच्चे आसानी से गलत प्रभाव में आ जाते हैं। उन्होंने बच्चों के लिए इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर कड़े नियंत्रण की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला नीट-यूजी पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हुए 'संसद चलो' प्रदर्शन के दौरान सामने आया था। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक नारे लगाए गए थे और नाबालिग लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इंस्टाग्राम संदेश में संयम बरतने और गुमराह युवाओं के प्रति प्रतिशोध नहीं, बल्कि संवेदनशीलता दिखाने की बात कही।
प्रधानमंत्री के संदेश के बाद लड़की ने एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उसने स्वीकार किया कि उससे गंभीर गलती हुई है और वह माहौल में बह गई थी। लड़की ने देशवासियों से क्षमा मांगते हुए कहा कि उसे अपने किए पर गहरा पछतावा है।
हालांकि, इस मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है। 23 जुलाई को हुए प्रदर्शन से जुड़े आरोपों के आधार पर दर्ज जीरो एफआईआर को आगे की कार्रवाई के लिए नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने भेजा गया है।