एन. चंद्रशेखरन का बड़ा फैसला, टाटा संस के चेयरमैन पद से इस्तीफे का ऐलान
नई दिल्ली। टाटा समूह से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने पद से हटने का फैसला किया है। उन्होंने संकेत दिया है कि वह अपने मौजूदा कार्यकाल के बाद चेयरमैन पद के लिए दोबारा नियुक्ति की मांग नहीं करेंगे। उनका वर्तमान कार्यकाल फरवरी 2027 में समाप्त होना था।
चंद्रशेखरन ने 18 अगस्त को होने वाली टाटा संस की सालाना आम बैठक (AGM) से पहले यह फैसला लिया है। AGM में शेयरधारकों के सामने उन्हें डायरेक्टर के तौर पर दोबारा नियुक्त किए जाने का प्रस्ताव रखा जाना था।
रिपोर्ट के मुताबिक, चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को लेकर टाटा समूह के भीतर अनिश्चितता बनी हुई थी। इस बीच टाटा संस के चेयरमैन और टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा के बीच कुछ मुद्दों को लेकर मतभेद की खबरें भी सामने आई थीं।
टाटा संस के बोर्ड ने फरवरी में चंद्रशेखरन की चेयरमैन के तौर पर पुनर्नियुक्ति पर फैसला टाल दिया था। बताया गया कि नोएल टाटा ने समूह के कुछ नए कारोबारों के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए थे।
एन. चंद्रशेखरन ने जनवरी 2017 में टाटा संस की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में टाटा समूह ने कई नए क्षेत्रों में विस्तार किया। अब उनके पद छोड़ने के फैसले के बाद टाटा समूह के अगले नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।