{"vars":{"id": "130921:5012"}}

NEET री-एग्जाम के लिए नागपुर के छात्र को मिला अबू धाबी सेंटर, राहुल गांधी बोले- बच्चों के भविष्य के साथ जुआ बंद करें
 

 

नागपुर। NEET री-एग्जाम देने जा रहे नागपुर के एक छात्र को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा परीक्षा केंद्र अबू धाबी आवंटित किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। इस पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और NTA पर निशाना साधते हुए शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि नागपुर का एक छात्र पिछले एक महीने से NEET री-एग्जाम की तैयारी कर रहा था। परीक्षा से ठीक एक दिन पहले जब उसने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो उसमें परीक्षा केंद्र अबू धाबी दिखाया गया। उन्होंने कहा कि छात्र के पास पासपोर्ट नहीं है और उसके परिवार के पास उसे विदेश भेजने के लिए पैसे भी नहीं हैं। ऐसे में छात्र पूरी रात रोता रहा और परीक्षा देने से ही मना कर रहा है।

राहुल गांधी ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है कि एक छात्र को उसके अपने शहर में परीक्षा केंद्र नहीं मिल सके और उसे विदेश में सेंटर आवंटित कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि NTA देश के छात्रों और उनके अभिभावकों का केवल धैर्य परीक्षण कर रही है। जो व्यवस्था एक छात्र को उसके शहर में परीक्षा केंद्र नहीं दे सकती, उसे परीक्षा आयोजित करने का अधिकार नहीं होना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था अब छात्रों की पढ़ाई और भविष्य के बजाय उनके पैसे, समय और मानसिक शांति की कीमत वसूलने का माध्यम बन गई है। उन्होंने सरकार से बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करने और एक संवेदनशील, जवाबदेह तथा विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने की मांग की।

वहीं, इस मामले पर NTA ने भी प्रतिक्रिया दी है। एजेंसी ने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद अगले कुछ घंटों में संबंधित छात्र को नागपुर में ही नया परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया जाएगा।