{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पंजाब चुनाव से पहले नई सियासी एंट्री : नवजोत कौर सिद्धू ने बनाई अपनी पार्टी, राघव चड्ढा की तारीफ

 

पंजाब की राजनीति में एक नई हलचल देखने को मिल रही है। वरिष्ठ नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी नई पार्टी ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ के गठन का ऐलान कर दिया।

चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पार्टी कोई नई नहीं है, बल्कि 2015 से पहले से अस्तित्व में है और अब इसे सक्रिय रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।

खुद होंगी CM फेस

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नवजोत कौर सिद्धू ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा वही होंगी। उन्होंने बताया कि पार्टी का चुनाव चिन्ह ‘कैंची’ है और इसकी इकाइयां कई राज्यों में पहले से मौजूद हैं।

राघव चड्ढा पर क्या बोलीं?

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा को लेकर पूछे गए सवाल पर नवजोत कौर सिद्धू ने संतुलित प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि राघव चड्ढा अच्छे इंसान हैं। उन्होंने कई अहम मुद्दे उठाए हैं। चाहे नरेंद्र मोदी हों, राहुल गांधी हों या प्रियंका गांधी—जो अच्छा काम करेगा, मैं उसकी सराहना करूंगी।”

नवजोत सिंह सिद्धू से दूरी

जब उनसे यह पूछा गया कि क्या इस नई पार्टी से नवजोत सिंह सिद्धू का कोई संबंध है, तो उन्होंने साफ इनकार किया।

उन्होंने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू फिलहाल अपने टीवी कार्यों में व्यस्त हैं और 2022 के बाद उन्हें न किसी राजनीतिक बैठक में बुलाया गया और न ही किसी फैसले में शामिल किया गया।

चुनाव से पहले बदलेगा समीकरण?

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नवजोत कौर सिद्धू की इस घोषणा को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। नई पार्टी के गठन से राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है, खासकर ऐसे समय में जब सभी प्रमुख दल चुनावी तैयारियों में जुटे हैं।