NCPI सांसदों ने अमित शाह से की मुलाकात, SIR और लाउडस्पीकर मुद्दे पर सौंपा ज्ञापन
New Delhi : पश्चिम बंगाल की राजनीति में दल बदल के बाद राष्ट्रीय चर्चा में आए एनसीपीआई के तीन सांसद अबू ताहिर खान, यूसुफ पठान और खलीलुर्रहमान ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बैठक के दौरान सांसदों ने SIR से जुड़े लंबित मामलों और धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के उपयोग से जुड़े मुद्दे उठाए।
तीनों सांसद उन नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर एनसीपीआई का दामन थामा था। एनसीपीआई ने एनडीए को समर्थन दिया है, हालांकि पार्टी को लेकर संसदीय मान्यता की प्रक्रिया अभी लंबित बताई जा रही है।
SIR मामलों के जल्द निपटारे की मांग
बैठक के बाद सांसद खलीलुर्रहमान ने कहा कि गृह मंत्री से दो प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई। पहला, SIR से जुड़े वे मामले जो ट्रिब्यूनल में लंबित हैं, उनका जल्द निपटारा कराया जाए ताकि प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे नागरिक हैं जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं और वे ट्रिब्यूनल के फैसले की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इससे उन्हें पासपोर्ट सत्यापन, भूमि पंजीकरण और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
लाउडस्पीकर पर भी रखी मांग
सांसदों ने गृह मंत्री से यह भी अनुरोध किया कि यदि किसी भी धर्मस्थल पर लगे लाउडस्पीकर सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हैं, तो उनके उपयोग की अनुमति जारी रहनी चाहिए।
गृह मंत्री को सौंपा ज्ञापन
तीनों सांसदों ने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी गृह मंत्री अमित शाह को सौंपा। ज्ञापन में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे, ट्रिब्यूनल की अतिरिक्त बेंच गठित करने, शिकायतों की निगरानी के लिए विशेष तंत्र बनाने तथा लंबित मामलों के दौरान प्रभावित नागरिकों को आवश्यक सरकारी सेवाओं से वंचित न किए जाने की मांग की गई है।