{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नीरज चोपड़ा बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल, रक्षा मंत्री ने दी मानद उपाधि

 

नई दिल्ली: दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी की मौजूदगी में आयोजित एक समारोह में नीरज को यह सम्मान प्रदान किया गया। इस दौरान नीरज सेना की वर्दी में नजर आए। 

लगातार दो ओलंपिक में पदक जीतने की उपलब्धि 
 
हरियाणा के पानीपत जिले के खंडरा गांव के 27 वर्षीय नीरज ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण और पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। इससे पहले नीरज भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद पर थे। इस साल मई में रक्षा मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर नीरज को प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक देने की घोषणा की थी। अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रपति ने 16 अप्रैल 2025 से नीरज को यह उपाधि प्रदान की। नीरज से पहले भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को 2011 में प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि दी गई थी।

इस सीजन में नीरज का प्रदर्शन रहा फीका 
 
हालांकि, नीरज के लिए यह सत्र ज्यादा सफल नहीं रहा। वे डायमंड लीग खिताब और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक का बचाव नहीं कर सके। विश्व चैंपियनशिप में उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 84.03 मीटर रहा और वे अंतिम प्रयास के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाए। फिर भी, नीरज की उपलब्धियां उन्हें देश का गौरव बनाती हैं।