{"vars":{"id": "130921:5012"}}

NEET UG Re-Exam: 21 जून की पुनर्परीक्षा को लेकर केंद्र अलर्ट, धर्मेंद्र प्रधान ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
 

 

नई दिल्ली। 21 जून को होने वाली NEET UG पुनर्परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुचारू परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में शिक्षा मंत्रालय, राज्य सरकारों, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) और उच्च शिक्षा संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, ईमानदारी और निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने तथा पुनर्परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा।

धर्मेंद्र प्रधान ने निर्देश दिए कि परीक्षा को स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए। मंत्रालय द्वारा नियुक्त अधिकारी विभिन्न राज्यों में जाकर परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और अपनी रिपोर्ट एनटीए के महानिदेशक के नेतृत्व वाले कमांड सेंटर को सौंपेंगे।

उन्होंने राज्य सरकारों के नोडल अधिकारियों से कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे वे बिना किसी तनाव के परीक्षा में शामिल हो सकें।

बैठक में स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव विनीत जोशी तथा एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह भी मौजूद रहे। संजय कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

वहीं, विनीत जोशी ने कहा कि पुनर्परीक्षा तक का समय बेहद महत्वपूर्ण है और सभी संबंधित एजेंसियों को तय प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा। एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि एजेंसी जिला स्तरीय समितियों, राज्य पुलिस और खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से कराने में जुटी है।

हाइब्रिड मोड में आयोजित इस बैठक में कुल 222 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी, विश्वविद्यालयों के कुलपति, केंद्र पोषित संस्थानों के नोडल अधिकारी और उच्च शिक्षण संस्थानों के निदेशक शामिल हुए।

गौरतलब है कि प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद पिछले महीने आयोजित NEET परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 21 जून को पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया था।