{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नेपाल में फ्लैश फ्लड से भारी तबाही, 16 मौतें, 150 भारतीय समेत करीब 400 लापता- बिहार में अलर्ट

नेपाल के उत्तरी रसुवा जिले में तिब्बत सीमा के पास अचानक आई भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी। बाढ़ में गांव, पुल, वाहन और इंफ्रास्ट्रक्चर बह गए। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक 16 लोगों की मौत हुई है और करीब 400 लोग लापता हैं, जिनमें 105 भारतीय भी शामिल हैं।

 

Nepal Flash Flood: नेपाल के उत्तरी रसुवा जिले में बुधवार को आई भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी। तिब्बत सीमा के पास अचानक बढ़े पानी ने घरों, वाहनों, पुलों और कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है और करीब 400 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इनमें 105 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। यह संख्या अभी बदल सकती है क्योंकि राहत और बचाव अभियान जारी है।

रसुवा में बाढ़ ने मचाई भारी तबाही

सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में स्याफ्रुबेसी और तिमुरे शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कई गांवों और निर्माणाधीन परियोजना स्थलों के बह जाने की सूचना मिली है। रसुवा के प्रमुख जिला अधिकारी नरेंद्र पैरियार ने आशंका जताई कि इस आपदा में बड़ी संख्या में लोग हताहत हो सकते हैं और संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।

तिब्बत सीमा के पास स्थित तिमुरे बाजार और सीमा शुल्क क्षेत्र को भी भारी नुकसान पहुंचा है। बाढ़ के तेज बहाव में वाहन और सामान बह गए। रसुवागढ़ी में पिछले साल की बाढ़ के बाद दोबारा बनाया गया फ्रेंडशिप ब्रिज भी पानी की चपेट में आकर बह गया।

बाढ़ कैसे आई? वजह अभी साफ नहीं

अचानक आई बाढ़ के कारण को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। नेपाल के बाढ़ पूर्वानुमान विभाग ने कहा है कि रसुवा में भारी बारिश इस आपदा की मुख्य वजह होने की संभावना कम है। वहीं सैटेलाइट तस्वीरों में तिब्बत की तरफ भारी बारिश दिखाई दी है।

अधिकारियों ने ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) की संभावना की भी जांच शुरू की है। इसके अलावा नेपाल के विदेश मंत्री ने स्थानीय रिपोर्टों के हवाले से भूकंप के कारण हिमस्खलन होने और उसके बाद अचानक पानी व मलबे का सैलाब आने की संभावना भी जताई है। फिलहाल आपदा के वास्तविक कारण की जांच जारी है।

भारत पर भी नजर, बिहार में अलर्ट

बाढ़ का पानी आगे बढ़ने के कारण भारत के बिहार में भी अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों की नजर उन नदियों पर है जिनका पानी नेपाल से भारत की ओर आता है। स्थानीय लोगों को नदी किनारे के इलाकों से सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की सलाह दी गई है।

नेपाल में सेना और सुरक्षा बलों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन तेज बहाव और खराब परिस्थितियों के कारण अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है।