NHAI की नई स्कीम: टोल प्लाजा पर गंदे टॉयलेट की फोटो भेजें, FASTag में मिलेंगे ₹1000 का रिचार्ज – जानिए पूरी डिटेल
नई दिल्ली I लंबी यात्रा के दौरान टोल प्लाजा पर रुकना अनिवार्य है, लेकिन वहां के टॉयलेट अक्सर गंदे होने से यात्रियों को परेशानी होती है। इस समस्या को दूर करने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने 'क्लीन टॉयलेट पिक्चर चैलेंज' नामक अनोखी पहल शुरू की है।
इस योजना के तहत यदि आप किसी टोल प्लाजा पर गंदे या अस्वच्छ टॉयलेट की जियो-टैग्ड फोटो लेकर शिकायत दर्ज करते हैं, तो जांच के बाद सत्यापित होने पर आपके वाहन से जुड़े FASTag अकाउंट में ₹1,000 का रिचार्ज क्रेडिट कर दिया जाएगा। यह राशि सीधे टोल भुगतान के लिए उपयोग की जा सकेगी।
कैसे भाग लें और रिचार्ज पाएं?
- सबसे पहले 'राजमार्ग यात्रा' (Rajmarg Yatra) ऐप का नवीनतम संस्करण गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड करें।
- यात्रा के दौरान यदि किसी टोल प्लाजा पर गंदा टॉयलेट दिखे, तो उसकी स्पष्ट फोटो लें (जियो-टैग्ड होनी चाहिए)।
- ऐप में फोटो अपलोड करें और आवश्यक विवरण भरें, जैसे अपना नाम, लोकेशन, वाहन पंजीकरण संख्या (VRN), और मोबाइल नंबर।
- NHAI टीम शिकायत की जांच करेगी। यदि रिपोर्ट सही पाई गई और पात्र मानी गई, तो 5 दिनों के भीतर FASTag में ₹1,000 क्रेडिट हो जाएगा।
- ध्यान दें: एक ही टॉयलेट के लिए एक ही दिन में केवल पहली वैध रिपोर्ट को पुरस्कार मिलेगा।
यह पहल सिर्फ यात्रियों को आर्थिक लाभ देने के लिए नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्वच्छता बनाए रखने और जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य रखती है। अब तक सैकड़ों यात्रियों ने भाग लिया है और कई को पुरस्कार भी मिल चुके हैं, जिससे टोल प्लाजा सुविधाओं में सुधार देखा जा रहा है।
योजना कब तक वैध है?
यह अभियान अब 30 जून 2026 तक चलेगा। NHAI ने जनवरी 2026 में इसकी अवधि बढ़ाई है ताकि अधिक से अधिक लोग भाग ले सकें और सफाई में योगदान दें।
यात्रा के दौरान यदि आप गंदे टॉयलेट देखें, तो इस मौके का फायदा उठाएं। एक छोटी सी रिपोर्ट से न केवल अपनी यात्रा बेहतर होगी, बल्कि दूसरों के लिए भी स्वच्छता सुनिश्चित होगी। अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक NHAI वेबसाइट या राजमार्ग यात्रा ऐप देखें।