{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नितिन गडकरी का बड़ा ऐलान, सड़क हादसे में घायल की मदद करने पर मिलेंगे ₹25 हजार

 
देश में बढ़ते सड़क हादसों और समय पर इलाज न मिलने से होने वाली मौतों को रोकने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सड़क दुर्घटनाओं के ब्लैक स्पॉट खत्म करने के लिए करीब 40 हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने ‘राह-वीर योजना’ शुरू की है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari ने मंगलवार को घोषणा करते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे सरकार की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए सरकार विशेष व्यवस्था कर रही है। योजना के तहत किसी भी घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा और उसके इलाज के लिए अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी। सात दिनों तक के इलाज का पूरा खर्च NHAI की ओर से उठाया जाएगा।

सरकार का मानना है कि सड़क हादसों में कई लोगों की जान सिर्फ इसलिए चली जाती है क्योंकि उन्हें समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। भारत में हर साल करीब 1.5 लाख लोग सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाते हैं।

दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर से जुड़े नए प्रोजेक्ट को मंजूरी

नितिन गडकरी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के सराय काले खान से जैतपुर तक बने 9 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड खंड का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने कई नए सड़क प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दिल्ली-चंडीगढ़ रोड के अंतिम हिस्से और यूआर-2 (दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर) की शुरुआत को जोड़ने वाले 17 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच को मंजूरी दे दी गई है। यह मार्ग ट्रॉनिका सिटी तक जाएगा और इस परियोजना पर करीब 3 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके अलावा नोएडा और फरीदाबाद के बीच 65 किलोमीटर लंबा नया सड़क मार्ग भी बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 7 हजार करोड़ रुपये बताई गई है।

सरकार का कहना है कि इस नए मार्ग के बनने से लोनी, बागपत, दिल्ली और फरीदाबाद क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी। इस परियोजना का निर्माण कार्य इसी साल दिसंबर से शुरू किए जाने की तैयारी है।