{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नितिन नबीन बने भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष: मोदी ने कहा- 'वे मेरे बॉस, मैं ...
 

 

नई दिल्ली I भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को नितिन नबीन को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया। वे पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं और मात्र 45 वर्ष की उम्र में इस पद पर पहुंचकर पार्टी के इतिहास में सबसे युवा अध्यक्ष बन गए हैं।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को माला पहनाकर स्वागत किया। मोदी ने अपने 55 मिनट के भाषण में कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जहां लोगों को लगता होगा कि मोदीजी इतनी छोटी उम्र में मुख्यमंत्री बने, हेड ऑफ द गवर्नमेंट बने। लेकिन इन सबसे बड़ी चीज है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। मैं मानता हूं कि नितिनजी मेरे बॉस हैं, मैं कार्यकर्ता हूं। अब वे मेरे काम का आकलन करेंगे।"

नितिन नबीन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए उनका एकमात्र नामांकन प्राप्त हुआ, जिसके बाद वे निर्विरोध चुने गए। पदभार ग्रहण कार्यक्रम में उनका पहला भाषण करीब 20 मिनट का रहा। उन्होंने कहा, "हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है। राजनीति कोई पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मेरा निर्वाचन एक साधारण कार्यकर्ता की असाधारण यात्रा को मिला सम्मान है।"

कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी 10 मिनट का संबोधन दिया। उन्होंने कहा, "नबीन की लीडरशिप में पार्टी नई राज्यों में अपनी पहुंच बढ़ाएगी। उन क्षेत्रों में भी कमल खिलेगा जहां अब तक भाजपा को सफलता नहीं मिली है, जैसे बंगाल, पुडुचेरी, तमिलनाडु, असम और केरल।"

नितिन नबीन बिहार के बांकीपुर से पांच बार विधायक रह चुके हैं और बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। उनका यह पदभार ग्रहण भाजपा में नई पीढ़ी के नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। समारोह में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी सहित कई वरिष्ठ नेता और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे।