{"vars":{"id": "130921:5012"}}

राज्यसभा शपथ से पहले नीतीश कुमार के बयान ने मचाई सियासी हलचल, कह दी ये बड़ी बात

 

नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को पटना से दिल्ली पहुंचे, जहां वे शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। लंबे समय बाद मीडिया के सामने आए नीतीश कुमार ने अपने बयान से बिहार की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।

‘अब यहीं रहूंगा’

राज्यसभा की सदस्यता लेने से पहले मीडिया से बातचीत में नीतीश कुमार ने कहा,
“कल मैं शपथ लूंगा और अब यहीं रहूंगा। बहुत समय तक बिहार में काम किया, अब यहां काम करूंगा। हमने तय कर लिया है कि यहीं रहेंगे और वहां वाला छोड़ेंगे।”

उनके इस बयान को मुख्यमंत्री पद छोड़ने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट तौर पर इस्तीफे का ऐलान नहीं किया, लेकिन “वहां वाला छोड़ेंगे” कहकर सियासी अटकलों को हवा दे दी।

क्या यह सियासी ‘यू-टर्न’?

नीतीश कुमार के बयान के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या उन्होंने अपने पहले के रुख से यू-टर्न ले लिया है। इससे पहले जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा था कि नीतीश कुमार संसद सत्र के दौरान दिल्ली में रहेंगे और बाकी समय पटना में रहकर बिहार का मार्गदर्शन करेंगे।

लेकिन दिल्ली पहुंचते ही नीतीश कुमार के “अब यहीं रहूंगा” वाले बयान ने नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है।

बिहार में नई सरकार के संकेत

नीतीश कुमार ने अपने बयान में यह भी कहा कि, “वहां का छोड़ के यहां आए हैं… नए लोगों को कर देंगे। तीन-चार दिन में बिहार नया करवा देंगे।”
उनके इस बयान को बिहार में जल्द ही नई सरकार या नेतृत्व परिवर्तन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

केंद्र की राजनीति में वापसी

नीतीश कुमार ने यह भी याद दिलाया कि वे पहले भी केंद्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में। अब एक बार फिर दिल्ली लौटकर वे राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के संकेत दे रहे हैं।