{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले- यूपी में अशांति चाहते हैं सपा प्रमुख

 

Moradabad : ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वे उत्तर प्रदेश में अशांति का माहौल चाहते हैं। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को पश्चिम बंगाल की घटनाओं पर इसलिए “दर्द” हो रहा है क्योंकि वे यूपी में दंगे और मारकाट देखना चाहते हैं।

बंगाल विवाद पर दिया बयान

राजभर ने यह प्रतिक्रिया पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा से जुड़े विवाद पर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर मतदाताओं को धमका रहे हैं और ऐसे में चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करे।

‘अखिलेश के समय में हुए दंगे’

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में एक हजार से ज्यादा दंगे हुए। मुजफ्फरनगर दंगों के समय वे सैफई में कार्यक्रम देख रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख अब बंगाल में भी वैसा ही माहौल बनाना चाहते हैं।

गाजीपुर की हालिया घटना पर बोलते हुए राजभर ने कहा कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा था, लेकिन इसे जातीय रंग देकर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सपा पर अफवाह फैलाने और सामाजिक तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया।

‘बड़े नेताओं में आपसी संबंध बने रहते हैं’

इस दौरान राजभर ने यह भी कहा कि बड़े नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध बने रहते हैं और वे एक-दूसरे के सुख-दुख में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि केवल छोटे नेता ही आपस में लड़ते हैं, बड़े नेताओं में संवाद बना रहता है ।

फिलहाल, इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने के आसार हैं।