पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, 28 फरवरी 2026 तक चलेगा अभियान
Lucknow : खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत पूर्वी उत्तर प्रदेश में धान खरीद प्रक्रिया 1 नवंबर से शुरू होगी, जो 28 फरवरी 2026 तक चलेगी। इस दौरान लखनऊ संभाग के लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव जिलों में भी खरीद की शुरुआत होगी। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धान खरीद 1 अक्टूबर से पहले ही जारी है।
प्रदेश सरकार ने इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) कॉमन किस्म के लिए 2369 रुपये और ग्रेड ए के लिए 2389 रुपये प्रति कुंतल तय किया है। योगी सरकार ने किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार, अब तक 2.17 लाख से अधिक किसानों ने बिक्री के लिए पंजीकरण करा लिया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक महीने के भीतर 17 हजार से अधिक किसानों से 1.06 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। राज्यभर में धान खरीद के लिए 3920 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर और प्रयागराज संभागों में खरीद की शुरुआत 1 नवंबर से होगी। धान बेचने के इच्छुक किसानों के लिए fcs.up.gov.in या UP KISAN MITRA ऐप पर पंजीकरण अनिवार्य है। सहायता के लिए किसान टोल फ्री नंबर 1800-1800-150 पर संपर्क कर सकते हैं।
सरकार का दावा है कि यह अभियान किसानों को बेहतर मूल्य और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कर राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।