{"vars":{"id": "130921:5012"}}

NEET परीक्षा रद्द होने पर पप्पू यादव ने केंद्र सरकार को घेरा, बोले- परीक्षा माफियाओं को बेच दी

 

NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर गंभीर सवाल उठाए हैं। बिहार के पूर्णिया से सांसद Pappu Yadav ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार परीक्षा व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

मंगलवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए पप्पू यादव ने लिखा, “जो सरकार एक NEET परीक्षा सही से नहीं करवा सकती, वह भ्रष्टाचार पर वार की बात करती है, यह बेहद हास्यास्पद है। मोदी सरकार ने NEET परीक्षा को माफियाओं के हवाले कर दिया है। सरकार अपनी हिस्सेदारी लेकर चैन से सोती है और हमारे बच्चे इस भ्रष्ट व्यवस्था की कीमत चुका रहे हैं।”

“लाखों छात्रों की मेहनत के साथ खिलवाड़”

वहीं, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री Mukesh Sahani ने भी परीक्षा रद्द होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह फैसला केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

मुकेश सहनी ने कहा, “लाखों छात्रों की मेहनत, मानसिक दबाव और भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। पेपर लीक और अनियमितताओं के बाद परीक्षा रद्द होना इस बात का प्रमाण है कि सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में नाकाम रही है।”

पहले भी उठ चुके हैं सवाल

उन्होंने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी NEET 2024 controversy में पेपर लीक और ग्रेस मार्क्स विवाद सामने आया था, जिसके बाद छात्रों को सड़कों पर उतरना पड़ा था।

सहनी ने आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार धांधली और पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार अब तक कोई ठोस और जवाबदेह व्यवस्था नहीं बना सकी है।

NEET परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर के लाखों छात्र और अभिभावक असमंजस की स्थिति में हैं। अब सभी की नजर NTA की ओर से घोषित की जाने वाली नई परीक्षा तारीख पर टिकी हुई है।