पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने के संकेत! केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी बोले- चुनावों से नहीं जुड़ा ईंधन का रेट
नई दिल्ली। देश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री Hardeep Singh Puri ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि भारत में कहीं भी ईंधन की कोई कमी नहीं है और सरकार ने LPG उत्पादन को पहले के लगभग 35,000 टन से बढ़ाकर 55,000 से 56,000 टन प्रतिदिन कर दिया है। हालांकि उन्होंने यह भी संकेत दिए कि आने वाले समय में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है।
CII के वार्षिक बिजनेस समिट 2026 में बोलते हुए हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि पिछले चार वर्षों से सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की है। उन्होंने कहा, “मैं यह नहीं कह रहा कि कीमतें नहीं बढ़ेंगी, लेकिन पेट्रोल-डीजल की कीमतों और चुनावों का कोई संबंध नहीं है।”
भारत के पास पर्याप्त तेल और गैस भंडार
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत के पास फिलहाल 60 दिनों की जरूरत के बराबर कच्चे तेल का भंडार मौजूद है। इसके अलावा 60 दिनों की LNG और 45 दिनों की LPG का स्टॉक भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने संकट को अवसर में बदलने का काम किया है और देश में कहीं भी गैस की किल्लत नहीं होने दी गई।
पश्चिम एशिया युद्ध से बढ़ सकता है दबाव
हरदीप सिंह पुरी ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि अगर यह संघर्ष लंबा चलता है तो सरकार को राजकोषीय दबाव से निपटने के लिए जरूरी कदम उठाने पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (OMCs) उपभोक्ताओं को महंगाई से बचाने के लिए लगातार नुकसान उठा रही हैं।
उन्होंने बताया कि तेल कंपनियों ने पिछले साल जो मुनाफा कमाया था, वह मौजूदा हालात में होने वाले नुकसान की वजह से लगभग खत्म होता जा रहा है। मंत्री ने कहा कि सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है और अधिकांश क्षेत्रों में गैस आपूर्ति बहाल कर दी गई है।