PM Modi ने किया धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मंजूर, जंतर-मंतर से लेकर देशभर में छात्रों ने मनाया जश्न
नई दिल्ली। NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर पिछले एक महीने से चल रहे छात्र आंदोलनों के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा सौंपा था, जिसे अब पीएम मोदी ने स्वीकार कर लिया है।
25 जुलाई 2026 का दिन छात्रों के आंदोलन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बीते कई हफ्तों से दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर पटना और देश के कई अन्य हिस्सों में छात्र पेपर लीक मामले और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी शामिल थी।
जंतर-मंतर पर भी दिखा आंदोलन का असर
इस दौरान जंतर-मंतर पर जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी लंबे समय तक अनशन पर रहे। करीब 26 दिनों तक चले उनके उपवास के बाद सरकार की ओर से मिले आश्वासन और बातचीत के बाद उन्होंने अपना अनशन समाप्त किया था।
इस्तीफे के बाद छात्रों ने मनाया जश्न
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद जंतर-मंतर समेत कई जगहों पर छात्रों और युवाओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाते और नारे लगाते नजर आए।
छात्र संगठनों का कहना है कि यह फैसला उनके लंबे संघर्ष का परिणाम है। वहीं, सरकार की ओर से अभी आगे की प्रक्रिया और नए शिक्षा मंत्री को लेकर फैसला किया जाना बाकी है।