PM मोदी ने सेशेल्स की संसद को किया संबोधित, कहा- भारत-सेशेल्स संबंधों में लगातार बढ़ा है भरोसा और सहयोग
New Delhi/Victoria : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेशेल्स की नेशनल असेंबली (संसद) को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रतिष्ठित सदन में बोलना उनके लिए अत्यंत सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं जिन्हें सेशेल्स की संसद को संबोधित करने का अवसर मिला है, जो उनके लिए एक विशेष क्षण है।
1.4 अरब भारतीयों की शुभकामनाएं लेकर आए- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि वह भारत के 1.4 अरब नागरिकों की ओर से शुभकामनाएं और बधाई संदेश लेकर आए हैं। उन्होंने सेशेल्स की जनता और नेतृत्व को देश की प्रगति और उपलब्धियों के लिए बधाई दी।
ग्रीन हाइड्रोजन और ऊर्जा सहयोग पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच ग्रीन हाइड्रोजन सहित स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ रहा है, जो भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण है।
2015 की यात्रा को किया याद
प्रधानमंत्री ने वर्ष 2015 की अपनी यात्रा को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद उनका पहला इंडियन ओशन क्षेत्र का विदेश दौरा सेशेल्स का ही था। उन्होंने कहा कि उस समय से ही सेशेल्स भारत के लिए विशेष महत्व रखता है।
इंडियन ओशन क्षेत्र में सेशेल्स की अहम भूमिका
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के इंडियन ओशन विजन में सेशेल्स की हमेशा एक महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसी कारण भारत ने शुरुआत से ही इस देश के साथ संबंधों को प्राथमिकता दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स की आजादी के 50 वर्ष पूरे होने पर भी बधाई दी और कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर वहां के लोगों के साथ जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है।
भारत-सेशेल्स संबंधों को बताया मजबूत साझेदारी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स केवल मित्र देश नहीं हैं, बल्कि दोनों के बीच गहरा विश्वास, सहयोग और रणनीतिक साझेदारी का रिश्ता है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में यह संबंध और मजबूत होंगे।