असम-बंगाल में जीत के बाद अलग अंदाज में दिखे PM मोदी, धोती कुर्ता में बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, बोले- वर्षों की साधना...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम और पश्चिम बंगाल चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए बीजेपी मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान उनका अलग अंदाज देखने को मिला, वह धोती-कुर्ता में नजर आए, जिसने कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ा दिया।
माला पहनाने पहुंचे नितिन नबीन
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें माला पहनाने की कोशिश की, लेकिन पीएम ने खुद माला लेकर नितिन नबीन को ही पहना दी। इस अनोखे अंदाज ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच खास उत्साह पैदा कर दिया।
‘आज की जीत ऐतिहासिक है’
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, आज की जीत ऐतिहासिक है। जब सालों की साधना सिद्धि में बदलती है, तो जो खुशी होती है, वही खुशी आज देशभर के बीजेपी कार्यकर्ताओं के चेहरे पर दिख रही है।”
नितिन नबीन का बयान
वहीं नितिन नबीन ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव में जनता ने ऐतिहासिक समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि 4 मई को मिली इस जीत ने 4 जून 2024 की कसक को मिटा दिया है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि दक्षिण भारत में मिल रहे समर्थन के चलते जल्द ही वहां भी बीजेपी का विस्तार होगा और “कमल खिलेगा।
जश्न के बीच बढ़ा सियासी उत्साह
बीजेपी मुख्यालय में जीत के जश्न के बीच कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच पार्टी नेताओं ने इसे बड़ी राजनीतिक सफलता बताया।