{"vars":{"id": "130921:5012"}}

इटली पहुंचे PM मोदी, जॉर्जिया मेलोनी ने शेयर की सेल्फी, लिखा- वेलकम टू रोम माय फ्रेंड...

 
प्रधानमंत्री Narendra Modi मंगलवार को इटली की राजधानी Rome पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। रोम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि दोनों नेताओं ने साथ में डिनर किया और कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने रोम के ऐतिहासिक Colosseum का दौरा भी किया।

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “Welcome to Rome, my friend.”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच औपचारिक बातचीत में भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा जारी रहेगी। माना जा रहा है कि व्यापार, निवेश, एडवांस टेक्नोलॉजी और वैश्विक मुद्दों पर दोनों नेताओं के बीच विस्तृत बातचीत होगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पीएम मोदी अपने इटली दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात इटली के राष्ट्रपति Sergio Mattarella से भी होने वाली है।

‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ पर हो सकती है चर्चा

सूत्रों के मुताबिक भारत और इटली अपने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करते हुए उन्हें “स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” का दर्जा देने पर विचार कर सकते हैं। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच सालाना नियमित बैठकें शुरू करने पर भी चर्चा हो सकती है।

पिछले कुछ वर्षों में भारत और इटली के राजनीतिक और आर्थिक संबंधों में तेजी से मजबूती आई है। दोनों देश रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, विज्ञान और नई तकनीकों के क्षेत्र में लगातार सहयोग बढ़ा रहे हैं।

फिलहाल भारत और इटली के बीच व्यापार 14 अरब यूरो से अधिक का बताया जा रहा है। दोनों देश विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, मशीनरी, फार्मा, रक्षा और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने पर फोकस कर रहे हैं।

उद्योगपतियों से भी करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी इटली के बड़े उद्योगपतियों और कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान भारत में निवेश, मैन्युफैक्चरिंग और नई औद्योगिक साझेदारियों पर चर्चा होने की संभावना है।

बताया जा रहा है कि पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के बीच मिडिल-ईस्ट तनाव, रूस-यूक्रेन युद्ध, इंडो-पैसिफिक सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और ग्लोबल सप्लाई चेन जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बातचीत होगी।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले जून 2024 में इटली गए थे, जहां उन्होंने G7 Summit 2024 में हिस्सा लिया था। इटली, पीएम मोदी के हालिया विदेश दौरे का आखिरी पड़ाव है, जिसमें उन्होंने UAE, नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे का भी दौरा किया।