{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दिल्ली अग्निकांड की घटना पर PM मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 2 लाख के मुआवजे का ऐलान

 
दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड में 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली के शाहदरा जिले में आग लगने की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की सहायता

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जानकारी दी गई कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

अमित शाह ने भी जताया दुख

इस घटना पर अमित शाह ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विवेक विहार में हुई आगजनी की घटना अत्यंत पीड़ादायक है।

उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि इस हादसे में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और राहत-बचाव कार्य जारी है।