{"vars":{"id": "130921:5012"}}

तमिलनाडु को PM मोदी की 13 हजार करोड़ की सौगात, चेन्नई मेट्रो कॉरिडोर का किया उद्घाटन; IIT मद्रास में ब्रेन रिसर्च को मिलेगी नई गति
 

 

चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (11 अक्टूबर) को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने करीब 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनमल्ली-वडापलानी कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने पोरूर बाईपास स्टेशन से पूनमल्ली बाईपास स्टेशन तक मेट्रो में सफर किया और वापस लौटे। इस दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी उनके साथ मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री के चेन्नई दौरे में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं का संबंध सड़क, रेलवे, मेट्रो, बंदरगाह, ऊर्जा और वैज्ञानिक अनुसंधान जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से है। इनका उद्देश्य तमिलनाडु में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाना, औद्योगिक विकास को गति देना और आधुनिक बुनियादी ढांचे का विस्तार करना है। 

4,900 करोड़ की लागत से तैयार हुआ मेट्रो कॉरिडोर

प्रधानमंत्री मोदी ने चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2 के तहत पूनमल्ली-वडापलानी कॉरिडोर का उद्घाटन किया। करीब 15 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में 11 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन बनाए गए हैं। इसमें 3.7 किलोमीटर लंबा डबल डेकर ढांचा भी शामिल है।

मेट्रो सेवा शुरू होने से चेन्नई के पश्चिमी हिस्सों में रहने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव कम होने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। 

IIT मद्रास में ब्रेन रिसर्च को मिलेगा बढ़ावा

मेट्रो परियोजना के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी आईआईटी मद्रास पहुंचे। यहां सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर से जुड़े वैज्ञानिक अनुसंधान कार्यक्रमों को विशेष महत्व दिया गया।

इस शोध अभियान के तहत 100 से अधिक मानव मस्तिष्कों का अध्ययन कर कोशिकीय स्तर तक उनकी विस्तृत त्रि-आयामी संरचनाएं तैयार करने की योजना है। इसमें भ्रूण अवस्था से लेकर वृद्धावस्था तक मस्तिष्क के विकास और बदलावों का अध्ययन किया जाएगा।

इसके अलावा, स्ट्रोक से प्रभावित मानव मस्तिष्क के एक हजार से अधिक सूक्ष्म ऊतक खंडों की जानकारी वाले सी-स्ट्रोक एटलस को भी जारी करने का कार्यक्रम है। यह अनुसंधान मस्तिष्क की जटिल संरचना को समझने और स्ट्रोक जैसी बीमारियों के बेहतर उपचार के लिए नए रास्ते खोल सकता है।

3,700 करोड़ की सड़क परियोजनाओं से बेहतर होगी कनेक्टिविटी

तमिलनाडु में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में करीब 3,700 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं भी शामिल हैं। इनमें एनएच-744 के वडुगपट्टी-तेरकुवेंगनल्लूर खंड के 36 किलोमीटर लंबे चार लेन मार्ग और एनएच-744ए के तहत मदुरै रिंग रोड के 30 किलोमीटर लंबे हिस्से का उद्घाटन शामिल है।
इसके अलावा एनएच-83 के नागपट्टिनम-तंजावुर खंड पर तिरुवरूर बाईपास की आधारशिला रखने का कार्यक्रम है। इन परियोजनाओं से यातायात सुगम होने, सफर का समय घटने और औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रेलवे को 750 करोड़ से अधिक की सौगात, पांच स्टेशनों का होगा उद्घाटन

प्रधानमंत्री के दौरे में 750 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाएं भी शामिल हैं। इनमें कराईकल-परलम रेलवे लाइन और कोयंबटूर सहित आसपास के क्षेत्रों में तीन रेल फ्लाईओवर का लोकार्पण प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं से रेल संपर्क मजबूत होने के साथ रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

इसके साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित पांच रेलवे स्टेशनों पलानी, वेल्लोर कैंटोनमेंट, अंबासमुद्रम, परमाकुडी और नमक्कल का उद्घाटन भी कार्यक्रम में शामिल है। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

बंदरगाहों के विकास से व्यापार और माल ढुलाई को मिलेगा बढ़ावा

तमिलनाडु के बंदरगाहों को आधुनिक बनाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल की गई हैं। चेन्नई पोर्ट पर पक्के स्टोरेज यार्ड, चार आयात-निर्यात गोदामों, आधुनिक क्रूज टर्मिनल और सीफेरर्स क्लब का उद्घाटन प्रस्तावित है।

इसके अलावा वीओ चिदंबरनार पोर्ट पर आठ प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास तथा कामराजर पोर्ट पर कोल बर्थ-3 परियोजना का उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल है। इन योजनाओं से बंदरगाहों की माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने और समुद्री व्यापार को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

मनाली रिफाइनरी में 1,620 करोड़ की परियोजना

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में चेन्नई पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड की मनाली रिफाइनरी में करीब 1,620 करोड़ रुपये की ल्यूब ऑयल बेस स्टॉक्स परियोजना का शिलान्यास भी शामिल है। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 2.70 लाख मीट्रिक टन होगी। इस परियोजना से देश में उच्च गुणवत्ता वाले लुब्रिकेंट के निर्माण के लिए आवश्यक कच्चे माल का उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।

स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में भी शामिल होंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी का चेन्नई के जयगोपाल गरोड़िया हिंदू विद्यालय मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने का भी कार्यक्रम है। विद्यालय अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री का जलकंडेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम भी निर्धारित है।

प्रधानमंत्री का यह दौरा तमिलनाडु में परिवहन, औद्योगिक विकास, शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्र सरकार की इन परियोजनाओं से राज्य में रोजगार, कारोबार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।