आसनसोल में ममता बनर्जी पर बरसे पीएम मोदी, बोले- पापों का घड़ा भर चुका, अब होगा हिसाब...
आसनसोल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित पोलो ग्राउंड में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल में तृणमूल के “पापों का घड़ा भर चुका है” और 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य में “कानून का राज” स्थापित होगा।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जो लोग बंगाल को लूट रहे हैं और गुंडागर्दी कर रहे हैं, उनसे एक-एक चीज का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने जनता से बदलाव के लिए समर्थन देने की अपील की।
डेमोग्राफी और आस्था पर उठाए सवाल
पीएम मोदी ने राज्य में डेमोग्राफिक बदलाव को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कई इलाकों में हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को मंदिर जाने और पूजा करने के लिए भी अनुमति लेनी पड़ती है। उन्होंने मालदा की एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए इसे राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति का उदाहरण बताया।
औद्योगिक क्षेत्र में ‘माफियाराज’ का आरोप
आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी यह इलाका देश के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र था, लेकिन आज यहां माफियाओं का कब्जा हो गया है। उन्होंने कोयला, बालू और भू-माफिया के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताई और कहा कि सिंडिकेट के कारण उद्योगों को नुकसान हो रहा है।
पीएम ने यह भी कहा कि साइकिल, पेपर, स्टील और ग्लास जैसे उद्योग धीरे-धीरे खत्म हो रहे हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के लिए राज्य से बाहर जाना पड़ रहा है।
विपक्ष पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस, वामपंथी दलों और तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन सभी ने मिलकर बंगाल को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सरकार बदलने का नहीं, बल्कि आसनसोल की खोई औद्योगिक पहचान को वापस लाने का चुनाव है।
पीएम मोदी ने बताया कि केंद्र सरकार ने स्टील उद्योग के विकास के लिए 45 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है और आसनसोल-दुर्गापुर क्षेत्र में मेगासिटी बनने की पूरी क्षमता है।